घूस लेते हुए दारोगा जी धराये, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सरायमीर में तैनात उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मामले के अनुसार ग्राम गंगापुर निवासी शिकायतकर्ता अवनीश कुमार राय ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा एक मुकदमे से नाम हटाने के बदले ₹20,000 की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी उपनिरीक्षक को थाना सरायमीर के दक्षिणी गेट के पास सड़क किनारे शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय मौके पर ही दबोच लिया गया। इस दौरान स्वतंत्र गवाह भी मौजूद रहे। तलाशी में पूरी रिश्वत की रकम बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध पाए गए।

एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित (ट्रैप टीम प्रभारी) , निरीक्षक आनंद कुमार वर्मा, निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान, उपनिरीक्षक मुर्ताजिर हुसैन खान सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *